सोमवार, 25 मार्च 2013

अप्पन समाचार को जानने पहुंची केंद्रीय विश्वविद्यालय की टीम

केंद्रीय  विश्वविद्यालय, पटना बिहार की २२ सदस्यीय टीम २२ मार्च को पटना से मुजफ्फरपुर पहुँची। सहायक प्रोफ़ेसर सुजीत कुमार और दीक्षा चमोला के नेतृत्व में २० छात्र-छात्राएं अप्पन समाचार के बारे में जानने आये थे. इस टीम में पत्रकारिता व जनसंचार और विकास अध्ययन विभाग के छात्र-छात्राएं शामिल थे. २२ मार्च को मुजफ्फरपुर में दिनभर का सेशन चला, जिसमें कम्युनिटी मीडिया बनाम कॉरपोरेट मीडिया पर चर्चा चली। इस दौरान अप्पन समाचार परिकल्पना, उसके सफ़र, प्रभाव आदि के बारे में भी खुलकर बातें हुईं। अप्पन समाचार के संस्थापक संतोष सारंग ने छात्र-छात्राओं को अप्पन समाचार के अलावा पत्रकारिता में आनेवाली नई पीढ़ी के सामने आ रही चुनौतियों के बारे में विस्तार से बताया। दैनिक जागरण के एम् अखलाक, अप्पन समाचार के प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अमृतांज इंदीवर, आनंद मूर्ति, के नीरज, हेमनारायण विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया।
शाम में टीम मुशहरी के मणिका गाँव जाकर प्रख्यात समाजवादी चिन्तक व लेखक सच्चिदानंद सिन्हा से मिलकर करीब डेढ़ घंटे गाँव व पत्रकारिता पर बात की। छात्रों ने अपनी जिज्ञासाएं मिटाई।
२३ मार्च को यह टीम पारू प्रखंड के चान्दकेवारी गाँव पहुंची। वहां अप्पन समाचार टीम की लड़कियों, ग्रामीणों के साथ घंटों बैठकर अप्पन समाचार की गतिविधियों पर चर्चा की। दोनों टीमों ने अपने-अपने अनुभव बाँटें। फिर केंद्रीय विश्वविद्यालय की टीम के छात्र-छात्रों ने तीन समूह में बंटकर गाँव के तीन टोलों में जाकर अप्पन समाचार के काम, उसके प्रभाव पर सर्वे किया। अंत में सर्वे से छनकर आई बातों पर चर्चा की गयी। पटना से आई टीम ने बताया कि अप्पन समाचार की फ्रिक्वेंसी बढ़ाने की जरूरत है। इसे घर-घर तक पहुँचाना होगा।
इस मौके पर अप्पन समाचार की रिंकू कुमारी, खुशबू कुमारी, पिंकी, अनीता, रेनू, प्रियंका, ममता, जुबेहा खातून, अमृतांज इन्दीवर, राजेश कुमार, पंकज सिंह, फूलदेव पटेल, नीतीश कुमार, शम्भू सिंह, चान्द्केवारी के मुखिया विनोद साह, सकलदेव दास, संजय कुमार, हसरत अली आदि मौजूद थे.                  

रविवार, 24 मार्च 2013

S. P. Singh Patrakarita Puraskar

अप्पन समाचार की रिंकु कुमारी को पटना पुस्तक मेला में २२ मार्च को  S. P. Singh Patrakarita Puraskar से नवाजा गया।

सोमवार, 18 मार्च 2013

महिला दिवस के दिन मिला भाषण देने का मौका

विचार व्यक्त करतीं रिंकू कुमारी 
अप्पन समाचार की संपादक रिंकू कुमारी को महिला दिवस के दिन भाषण देने का मौका मिला। विजन वर्ल्ड संस्था ने महिला दिवस के मौके पर मुजफ्फरपुर जिले के मरवन स्थित हाई स्कूल प्रांगन में आयोजित कार्यक्रम में रिंकू कुमारी को बतौर अतिथि आमंत्रित किया था। पहली बार रिंकू ने सार्वजनिक मंच पर बड़े आत्मविश्वास के साथ भाषण दिया। 
अप्पन समाचार की खुशबू कुमारी, रेनू कुमारी और प्रियंका कुमारी ने कार्यक्रम को कवर किया। 
From left Priyanka Kumari, Rinku Kumari, Khushboo Kumari, Renu Kumari
वृतचित्र निर्माता कुंदन रंजन ने भी इस मौके को यूं ही जाने नहीं दिया। उन्होंने अलज़ज़िरा के लिए बना रहे वृतचित्र के लिए अपनी टीम के साथ इस पूरे कार्यक्रम को शूट दिया। 

ख़बरों की दुनिया में किशोरियों की धमक

समाचार संकलन करतीं काँटी स्थित केजीवीबी की किशोरियां 
मार्च में मुजफ्फरपुर जिले के ५-६ केजीवीबी में मीडिया कार्यशाला के जरिये छात्राओं को नागरिक पत्रकारिता की बेसिक जानकारी दी गयी. कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय में अप्पन समाचार और बिहार महिला समाख्या द्वारा चलाये जा रहे नागरिक पत्रकारिता की ट्रेनिंग के दौरान  काँटी, गायघाट आदि केजीवीबी की किशोरियों ने मुर्गीपालन, महिला सशक्तिकरण समेत कई विषयों पर समाचार संकलन किया। इन लड़कियों को अप्पन समाचार के संस्थापक सदस्य व कार्यक्रम समन्वयक अमृतांज इंदीवर ट्रेनिंग दे रहे हैं। गायघाट में अप्पन समाचार के नीतीश कुमार भी उपस्थित थे.
समाचार संकलन करतीं काँटी स्थित केजीवीबी की किशोरियां 

गायघाट केजीवीबी में प्रशिक्षण प्राप्त करतीं किशोरियां 

गुरुवार, 14 मार्च 2013

अप्पन समाचार की रिंकू को एसपी सिंह पत्रकारिता पुरस्कार

अप्पन समाचार की रिंकू कुमारी को एसपी सिंह पत्रकारिता पुरस्कार से नवाजा जा रहा है. यह घोषणा १३ मार्च को पटना पुस्तक मेला के उद्घाटन के मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में की गयी। यह सम्मान २२ मार्च को पुस्तक मेला में ही हिंदी के प्रसिद्ध आलोचक व वरिष्ठ साहित्यकार डॉ नामवर सिंह देंगे।

गुरुवार, 28 फ़रवरी 2013

जिंदगी की जंग जीत लेंगे हम


  • स्नेहलता उर्फ़ इंदुरानी
मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत मीनापुर प्रखंड के मानिकपुर गाँव की साहसी, बहादूर महिला बच्ची देवी पर यह उक्ति चरितार्थ होती है। बच्ची देवी उस व्यक्तित्व का नाम है, जिसने विषम परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी। समय के क्रूर थपेड़े ने भी उसे नहीं डिगाया। तीन-तीन मासूमों को उसके गोद में डाल पति काल के गाल में समा गए। चारों ओर अंधेरा ही अंधेरा। पति द्वारा छोड़े गए बंजर जमीन और लीची की बागवानी को उसने पूंजी बनाई और चल पड़ी अपनी मंजिल की ओर। आज वह स्वयं खेतों में काम करती है, अनाज उपजाती हैं, सब्जियों की खेती करती हैं। आज वह झोपड़ी में नहीं, ईंट का पक्का मकान उसके पास है। अनाजों से भरा पूरा भंडार है। उसके बच्चे निजी स्कूल में पढ़ने जाते हैं। उसके पास सब कुछ है केवल घमंड छोड़कर। उसने अपने काम को कभी प्रतिष्ठा नहीं बनाया। वह सब्जी लेकर हाट-बाजार स्वयं जाती हैं। सभी प्रकार के लेन -देन का काम स्वयं करती है। समाज के लोग भी उसकी हिम्मत की दाद देते हैं। उसके द्वारा उठाये गए कदमों की प्रशंसा करते हैं। सच ! वह शक्तिस्वरूपा देवी है। हम कमजोर नारियों के लिए आदर्श हैं। जिंदगी के जंग में सफल होनेवाली इस देवी को शत-शत नमन!

(स्नेहलता केजीबीवी में शिक्षिका हैं। हमने इनके लिखे लेख को हूबहू प्रकाशित किया है। अप्पन समाचार की ओर से इन्हें एवं स्कूल की छात्राओं को लगातार मीडिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। )

ये है पगडंडी की पत्रकारिता

रिपोर्टिंग के लिए निकलतीं छात्राएं 
दलित महिला से पूछताछ करतीं गाँव की रिपोर्टर  
योजनाओं के बारे में जानकारी लेतीं कविता व नीतू  
दलित, महादलित, अल्पसंख्यक व पिछड़े समुदाय की लड़कियां पगडंडी की पत्रकारिता को नया आयाम दे रही हैं। मुजफ्फरपुर जिले के सरैया प्रखंड स्थित केजीबीवी की दर्जनों छात्राएं २७ फ़रवरी को पढ़ाई करने के बाद  आसपास के गांवों गोपालपुर नेउरा, छितरी माधोपुर के गरीब-गुरबों का दुःख-दर्द जानने निकलीं। हांथों में डीवी कैमरा, कलम लेकर निकलीं तो देखने वाले देखते ही रह गये. चार समूह में बंट कर चार स्टोरी तैयार करने के लिए लोगों से मिलकर उनकी आर्थिक व सामजिक स्थिति की पड़ताल की। कविता, नीतू, अंजलि, रीमा, सविता, काजल, लक्ष्मी, रानी, प्रियंका, सरिता, अन्नू, शोभा, उषा, सोनी, रूबी, गुड्डी, विभा आदि छात्राओं को खबरों की समझ बनाने के लिए अप्पन समाचार अमृतांज इंदीवर साथ-साथ चल रहे थे। बता दें कि अप्पन समाचार इन लड़कियों को नागरिक पत्रकारिता का प्रशिक्षण दे रहा है. इस फिल्ड रिपोर्टिंग के दौरान इन लड़कियों के माथे पर पसीने जरूर थे, पर शिकन व थकावट थोड़ी-सी भी नहीं दिख रही थी। इन लड़कियों की टीम ने फिल्ड में निकलने से पहले गाँव की समस्यायों पर समूह चर्चा की। फिर स्टोरी के लिए विषय का चयन किया। फिल्ड में जाकर समूह चर्चा में तय बिन्दुओं पर विस्तार से लोगों से बातचीत की। आंकड़े इकट्ठे किये। स्थानीय जनप्रतिनिधियो एवं गाँव के प्रबुद्ध लोगों से उनके संबंधित समस्याओं पर जानकारी इक्ट्ठा की। फिल्ड रिपोर्टिंग से लौटने के बाद टीम की लड़कियों ने कार्डबोर्ड पर समाचार लिखा। इसके बाद सभी समूह की लड़कियों ने अपना-अपना प्रेजेंटेशन दिया।

फिल्ड से लौट कर टीम के साथ समाचार लिखतीं कविता 
हम त अछूत हैं 
माधोपुर छितरी स्थित डॉम बिरादरी की एक महिला राजकुमारी देवी व वदंता देवी ने बताया कि हमारे यहाँ आजतक कोई भी पत्रकार हमारी स्थिति जानने नहीं आया। लोग हमें अछूत समझते हैं। इस टोले में करीब ५० लोग हैं, पर सभी के सभी अशिक्षित हैं। इनकी रोजी-रोटी बॉस की टोकरियाँ, डगरा, सूप आदि बनाकर चलती है।

गुरुवार, 14 फ़रवरी 2013

छात्राओं के बीच मीडिया कार्यशाला

अप्पन समाचार की ओर से अन्य पिछड़ा कन्या आवासीय 10+2 उच्च विद्यालय, खबरा (मुजफ्फरपुर) में दो दिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन हुआ। 13-14 फरवरी को आयोजित कार्यशाला का उद्घाटन रंधीर कुमार वर्मा (उपनिदेशक, कल्याण विभाग, तिरहुत प्रमंडल) ने किया। उन्होंने कहा कि अप्पन समाचार का यह कार्यक्रम गाँव की बच्चिओं के व्यक्तित्व निर्माण के लिए काफी अच्छा है। मुख्य अतिथि जिला कल्याण पदाधिकारी नरेन्द्र कुमार शर्मा  ने कहा कि लड़कियाँ देश की भविष्य है। उसमें देश, लोकतंत्र और मीडिया के बारे में जानकारी होना जरूरी है। गाँव की लड़कियाँ कैमरा हाथ में थाम  कर समाज को बदल  रही है साथ ही महिला सशक्तिकरण की दिशा में  अप्पन समाचार ने अनोखा काम किया है। पूरे देश के लिए गौरव की बात है। संतोष सारंग ने कार्यशाला में  लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर छात्राओं को जानकारी देते हुआ पत्रकारिता के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए नागरिक पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यशाला में अप्पन समाचार की संपादक रिंकू कुमारी ने लडकियों को अप्पन समाचार में खबर कवरेज व् लेखन पर जानकारी दी। दौनिक प्रभात खबर के उप संपादक सुमित सुमन ने खबर लेखन और अख़बार की बारीकियों से अवगत कराया। अमृतांज इन्दीवर ने अप्पन समाचार की शुरुआत और कैमरा, ट्राई पोड व् फुटेज-बाइट की जानकारी दी। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाध्यापक गणेश यादव, आरडीएस कालेज के प्रोफेसर डॉ प्रमोद कुमार, सहायक शिक्षक उमाशंकर यादव, अप्पन समाचार के प्रोडक्शन मैनेजर राजेश कुमार मौजूद थे।
      कार्यशाला के दूसरे दिन छठीं कक्षा की चंदा कुमारी ट्रेनिंग टीम से मिलते ही अपनी कविता और समाचार लेखन का सैम्पल दिखाया तो टीम दंग रह गयी। लोकतंत्र और मीडिया के बारे में दी गयी सारी जानकारियां  उसे कंठस्थ कर ली। अत्यंत पिछड़ा कन्या आवासीय 10+2 उच्च विद्यालय की 195 छात्राओं (6 से 12वीं कक्षा की) ने कार्यशाला में भाग लिया। रेशमी, रूबी, पूजा, चंदा, प्रियंका, भारती, सुषमा, माधुरी, निभा, ज्योति, पायल आदि छात्राओं ने विद्यालय पर स्टोरी कवर किया।


संचालन करते शिक्षक उमाशंकर यादव। मंचासीन उपनिदेशक, कल्याण विभाग, तिरहुत प्रमंडल  रंधीर कुमार वर्मा, जिला कल्याण पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर नरेन्द्र कुमार शर्मा एवं प्राचार्य गणेश प्रसाद यादव।







Prabhat Khabar, Muzaffarpur, 14 February 2013